शातिर: ई-चालान का लिंक भेज कर बैंक खाते में लगाई सेंध, अमेरिका में नौकरी का झांसा देकर तीन लोगों से कर डाली लाखों की ठगी

शातिर: ई-चालान का लिंक भेज कर बैंक खाते में लगाई सेंध, अमेरिका में नौकरी का झांसा देकर तीन लोगों से कर डाली लाखों की ठगी
Spread the love

 

देहरादून। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से तीन लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये की रकम हड़प ली। किसी को फर्जी ई-चालान का लिंक भेजकर बैंक खाते से रकम उड़ा ली गई तो किसी के खाते से बिना किसी लेन-देन के लाखों रुपये निकल गए। वहीं, अमेरिका में कुक की नौकरी और वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर भी एक व्यक्ति से 1.29 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ितों की शिकायत पर रायपुर और शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला रायपुर थाना क्षेत्र का है। भद्रकाली एन्क्लेव निवासी 48 वर्षीय सुंदर सिंह को 19 सितंबर को ट्रैफिक ई-चालान के नाम पर एक मैसेज भेजा गया। मैसेज में एक लिंक दिया गया था। पीड़ित ने लिंक खोला, जिसके बाद 24 सितंबर को उनके बैंक खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 1,48,900 रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
दूसरी घटना भी रायपुर थाना क्षेत्र की है। कंडोली मयूर विहार निवासी 19 वर्षीय रोहित चौहान के यूको बैंक खाते से 20 सितंबर को अचानक 2.35 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित के मुताबिक उन्होंने इस रकम के लिए कोई लेन-देन नहीं किया था। खाते से रकम कटने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब बैंकिंग ट्रांजेक्शन और संबंधित खातों की जांच कर रही है।
तीसरा मामला शहर कोतवाली देहरादून क्षेत्र का है। चुक्खुवाला निवासी अनिल लाल की फेसबुक के माध्यम से कथित एजेंट कृष्णा प्रसाद से बातचीत हुई। आरोप है कि कृष्णा प्रसाद ने अमेरिका में कुक की नौकरी और वर्क वीजा दिलाने का भरोसा दिया। नौकरी और वीजा की प्रक्रिया के नाम पर 13 जुलाई से 16 सितंबर के बीच पीड़ित से अलग-अलग किश्तों में 1.29 लाख रुपये ले लिए गए।
रकम लेने के बाद कथित एजेंट ने पीड़ित को वीजा से संबंधित दस्तावेज भी दिए। बाद में दस्तावेज फर्जी होने का पता चला और आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शहर कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
इन घटनाओं में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग तरीके सामने आए हैं। पहले मामले में फर्जी ई-चालान लिंक के जरिए ठगी की गई, दूसरे में बैंक खाते से अनधिकृत ट्रांजेक्शन हुआ, जबकि तीसरे मामले में सोशल मीडिया के जरिए विदेश में नौकरी का लालच देकर रकम ऐंठी गई। पुलिस इन मामलों में बैंक खातों, ट्रांजेक्शन और आरोपियों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Parvatanchal