बचाव अभियान: बर्फबारी के बीच ऑडेन कोल में फंसे 29 ट्रैकर्स का हेली रेस्क्यू, कालिंदी पास में अभियान जारी
देहरादून। उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अचानक बदले मौसम और बर्फबारी के बीच राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। ऑडेन कोल क्षेत्र में फंसे सभी 29 ट्रैकर्स को सुरक्षित हेली रेस्क्यू कर लिया गया है। रेस्क्यू किए गए ट्रैकर्स को हर्षिल हेलिपैड लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। सभी की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई गई है और उपचार के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
वहीं, कालिंदी पास क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स और पोर्टरों को सुरक्षित निकालने के लिए हेली रेस्क्यू अभियान जारी है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम की चुनौती के बीच प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने ली बचाव अभियान की जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए सभी ट्रैकर्स एवं पोर्टरों की सकुशल वापसी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में गए प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने रेस्क्यू किए गए लोगों को चिकित्सीय सहायता, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है और संकट की स्थिति में उसकी सहायता करना सरकार का दायित्व है।
धामी ने हाल में हुई बारिश से हुए नुकसान की भी जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने, बंद सड़कों को खोलने तथा बारिश से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने बताया कि जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों की स्थानीय मौसम और मार्ग की परिस्थितियों के अनुसार यात्रा संचालन को लेकर निर्णय ले सकते हैं। यदि किसी क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा, मार्ग अवरुद्ध होने अथवा अन्य प्रतिकूल परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं तो स्थानीय प्रशासन आवश्यकता के अनुसार यात्रा को अस्थायी रूप से रोक सकता है।
यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करने की अपील
प्रशासन ने साफ किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की स्थिति और मार्गों की जानकारी लें तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बीच ऑडेन कोल से 29 ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी ने राहत पहुंचाई है, लेकिन कालिंदी पास में रेस्क्यू अभियान जारी रहने के कारण चुनौती अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

