शर्मनाक: कलयुगी पिता ने खंभे से बांधकर 15 साल के बेटे को लाठियों से पीटा, दर्दनाक मौत; चारपाई पर शव छोड़ हुआ फरार

शर्मनाक: कलयुगी पिता ने खंभे से बांधकर 15 साल के बेटे को लाठियों से पीटा, दर्दनाक मौत; चारपाई पर शव छोड़ हुआ फरार
Spread the love

औरैया (आरएनएस)।  उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से पिता-पुत्र के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। पूर्वा सोमवंशी गांव में एक कलयुगी पिता ने चोरी के शक और मामूली विवाद के चलते अपने ही 15 वर्षीय नाबालिग बेटे को रस्सी से खंभे से बांध दिया। इसके बाद उस पर बांस की लाठी से तब तक बेरहम प्रहार किए, जब तक कि मासूम की जान नहीं निकल गई। बेटे की सांसें थमने के बाद निर्दयी पिता उसके शव को चारपाई पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
गणेश पूजा में गए थे बड़े भाई-बहन, सूने घर में बरपाया कहर
घटना 21 सितंबर की रात की है। मृतक के बड़े भाई नीरज द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उस रात वह और उसकी बड़ी बहन गांव में आयोजित गणेश पूजा एवं कीर्तन में शामिल होने गए थे। घर पर छोटा भाई रिशु उर्फ ईशू (15) और एक छोटी बहन ही मौजूद थे। इसी दौरान पिता उम्मेद सिंह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। चोरी हुए कुछ पैसों को लेकर पिता और पुत्र के बीच पहले से अनबन चल रही थी। घर पहुंचते ही नशेड़ी पिता ने रिशु पर गुस्सा उतारना शुरू कर दिया।
रस्सी से बांधकर बेरहमी से बरसाईं लाठियां, तोड़ा दम
क्रोध में अंधा होकर उम्मेद सिंह ने पहले रिशु को एक खंभे के सहारे रस्सियों से जकड़ दिया ताकि वह भाग न सके। इसके बाद उसने बांस की लाठी उठाई और बेबस बेटे पर अंधाधुंध वार करने लगा। रिशु दर्द से चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन पत्थरदिल पिता का दिल नहीं पसीजा। शरीर पर आई गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटों के चलते किशोर ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। जब बेटे की मौत हो गई, तो आरोपी ने उसका शव चारपाई पर लिटाया और रात के अंधेरे में ही घर से भाग निकला।
पुलिस ने तीन टीमें बनाकर दबोचा, आला-ए-कत्ल बरामद
घर लौटने पर जब परिजनों ने रिशु का बेजान शव देखा, तो कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने दबिश देकर 24 सितंबर को आरोपी पिता उम्मेद सिंह को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और बांस की लाठी भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Parvatanchal