खूनी खेल: कैब ड्राइवर ने पत्नी, सास और साले समेत 7 का बेरहमी से कर डाला क़त्ल

खूनी खेल: कैब ड्राइवर ने पत्नी, सास और साले समेत 7 का बेरहमी से कर डाला क़त्ल
Spread the love

बेंगलुरु (आरएनएस)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दिल दहला देने वाला सामूहिक हत्याकांड सामने आया है। यहां एक कैब चालक ने अपनी पत्नी समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पत्नी के बार-बार मायके जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। इस दौरान पत्नी के मायके वाले उसका समर्थन करते थे। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महज दो दिनों के भीतर सात हत्याओं को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में रहता है। करीब 20 वर्ष पहले उसकी शादी सुनीता से हुई थी। पत्नी के मायके जाने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इस मामले में सुनीता के परिजन भी उसका पक्ष लेते थे। इससे नाराज होकर इंदुशेखर ने पत्नी और उसके परिवार के सदस्यों की हत्या करने की योजना बनाई।
आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की और उसका शव नंदी हिल्स में फेंक दिया। इसके अगले दिन उसने अपने दो सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी करने के बहाने घर बुलाया। वहां दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शिवकुमार की पत्नी दिव्या, शंकर की पत्नी नलिनी, अपनी सास रूपवती और शिवकुमार के सात वर्षीय बेटे पुनीत को भी मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्याओं को अंजाम देने के लिए घर में रखे भारी सिलबट्टे का इस्तेमाल किया था। वारदात के बाद उसने सभी शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब नलिनी की मां ने श्रीरामपुरम थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि परिवार के कई सदस्य अचानक गायब हो गए हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू की।
कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इंदुशेखर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्याओं की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने नंदी हिल्स के पास से सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद कर लिया है, जबकि अन्य मृतकों के शवों की तलाश की जा रही है। बेंगलुरु उत्तरी संभाग के पुलिस उपायुक्त बीएस नेमा गौड़ा ने बताया कि घटना बुधवार को हुई। मामले की जांच के लिए दो सहायक पुलिस आयुक्त, चार निरीक्षक और करीब 50 पुलिसकर्यों की टीम लगाई गई है। आरोपी ने शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंका है। पुलिस सभी शवों को बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।

Parvatanchal