धोखाधड़ी: केरल के लिए बुक कराई नई कार को लेकर फरार हो गया ट्रांसपोर्टर, मुकदमा दर्ज़

धोखाधड़ी: केरल के लिए बुक कराई नई कार को लेकर फरार हो गया ट्रांसपोर्टर, मुकदमा दर्ज़
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  कार ट्रांसपोर्टेशन के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। एक नई कार को केरल पहुंचाने का झांसा देकर ट्रांसपोर्ट कंपनी के लोगों ने कार गायब कर दी। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मामले में अग्रवाल रोड असिस्टेंस लिमिटेड से जुड़े चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी देवेंद्र चौहान ने बताया कि नमिता शर्मा ने बीते आठ अगस्त को डीडीपीएम टावर, बायपास रोड स्थित शोरूम से 19.90 लाख रुपये की नई फॉक्सवैगन वर्टस जीटी प्लस कार खरीदी थी। इस कार को सुरक्षित उनके केरल स्थित घर (तिरुवनंतपुरम) पहुंचाने के लिए उन्होंने अग्रवाल रोड असिस्टेंस से संपर्क किया।
कंपनी के सुरेंद्र गौड़, अजीत, पार्थ और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने 12 दिन में कार केरल पहुंचाने का वादा किया। 14 अगस्त को वादी ने 28,000 रुपये ट्रांसपोर्ट फीस के तौर पर कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। जिसके बाद आरोपी शोरूम से कार ले गए। पूरा महीना बीत जाने पर भी जब कार केरल नहीं पहुंची और आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़िता को अपने साथ हुई ठगी का शक हुआ। 15 सितंबर को नमिता को ईमेल के जरिए एक फास्टैग स्टेटमेंट मिला। जिससे खुलासा हुआ कि उनकी कार केरल के बजाय उत्तर प्रदेश के रेहानकलां और बिलकबरपुर में घूम रही है। संपर्क करने पर एक आरोपी ने कार कोच्चि में बताई तो दूसरे ने आगरा में। ठगी का अहसास होने पर नमिता ने पहले केरल के थुम्बा थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई। जिसे अब देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में जांच के लिए भेजा गया है।

Parvatanchal