सबक: शराब के नशे में कार डिवाइडर से टकराई, पुलिस ने तीनों युवकों को लिया हिरासत में

सबक: शराब के नशे में कार डिवाइडर से टकराई, पुलिस ने तीनों युवकों को लिया हिरासत में
Spread the love

हल्द्वानी(आरएनएस)।  नैनीताल रोड पर मंगलवार देर रात नगर निगम के सामने तेज रफ्तार अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीनों युवक बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक समेत तीनों युवकों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में तीनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार सीज कर दी। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे नगर निगम के पास कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश था। पूछताछ में चालक की पहचान पूर्वी खेड़ा, गौलापार निवासी रोहित बहुगुणा के रूप में हुई। कार में उसके साथ मनोज सुयाल और भुवन जोशी भी सवार थे। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने चालक रोहित बहुगुणा के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, कार सवार अन्य दोनों युवकों के खिलाफ 500-500 रुपये का नकद चालान कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Parvatanchal