विरोध: रुड़की में वोट चोरी के आरोप को लेकर कांग्रेस का मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
रुड़की। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रुड़की में पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मार्च की शुरुआत अंबेडकर प्रतिमा से हुई। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुचिता लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदारी तय करने की मांग भी उठाई।

