शोक: कालसी थाने में तैनात मुख्य आरक्षी अमित टम्टा के निधन से पुलिस विभाग में शोक, अस्पताल में चल रहा था इलाज़
देहरादून। थाना कालसी में तैनात मुख्य आरक्षी अमित टम्टा का 27 सितंबर 2026 की देर रात उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। अमित टम्टा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार दिल्ली स्थित आईआईबीएस अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
अमित टम्टा मूल रूप से नैनीताल जनपद के रहने वाले थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ डाकपत्थर, विकासनगर में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्री और एक पुत्र हैं। उनके निधन की सूचना से परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून ने मुख्य आरक्षी अमित टम्टा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पुलिस विभाग के अनुसार अमित टम्टा अपने सौम्य एवं शालीन व्यवहार के लिए पहचाने जाते थे। वह अपने कर्तव्य के प्रति संवेदनशील और पूर्ण रूप से समर्पित पुलिसकर्मी थे। उन्होंने वर्ष 2002 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती होकर अपनी सेवाएं शुरू की थीं। लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और वर्ष 2026 में मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति प्राप्त की थी।
सहकर्मियों ने अमित टम्टा के निधन को पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उनके सहकर्मियों और अधिकारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

