कामयाबी: 90 किलो गांजा की बरामदगी मामले में 1500 रुपये का फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार
श्रीनगर गढ़वाल (आरएनएस)। कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने 90 किलो अवैध गांजा बरामदगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 1500 रुपये के इनामी वांछित आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गांजा तस्करी और सप्लाई चेन से जुड़े तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चौथे आरोपी को भी दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को वाहन चेकिंग के दौरान एक ईको एंबुलेंस से 90 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया था। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल एंबुलेंस को सीज करते हुए मामले में रविन्द्र, बिट्टू और विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को गांजे की खरीद-फरोख्त और आपूर्ति से जुड़े आरोपी दीपक निवासी पौड़ी की संलिप्तता के तथ्य मिले। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार की ओर से 1500 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस के मुताबिक, सटीक सूचना मिलने के बाद टीम ने गुरुवार को श्रीनगर से दीपक को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

