अमानवीय: 30 सीटर स्लीपर बस में ठूंस दीं 134 सवारियां,परिवहन विभाग ने ठोका 1.32 लाख का जुर्माना

अमानवीय: 30 सीटर स्लीपर बस में ठूंस दीं 134 सवारियां,परिवहन विभाग ने ठोका 1.32 लाख का जुर्माना
Spread the love

 

रुद्रपुर(आरएनएस)।   सड़क सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाते हुए एक निजी स्लीपर बस में 134 यात्रियों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। इनमें 31 बच्चे भी शामिल थे। यूपी के बहराइच से चली बस में एक स्लीपर बर्थ पर आठ-आठ यात्रियों को बैठाया गया था। परिवहन विभाग ने मंगलवार देर रात करीब एक बजे लालपुर क्षेत्र में बस को रोककर कार्रवाई की। जांच में बस का परमिट भी अवैध मिला। ओवरलोडिंग समेत कई नियमों के उल्लंघन पर बस सीज कर दी गई। 1.32 लाख का जुर्माना लगाया गया। यात्रियों को दूसरी बसों से भेजने की व्यवस्था की गई। शाम तक कुछ यात्री रुद्रपुर में ही फंसे हुए थे। जानकारी के मुताबिक, जय संकटा मां टूर एंड ट्रैवल्स के नाम से संचालित यूपी नंबर की बस मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बहराइच के राजीव चौराहे से चली थी। बस को पंजाब के जालंधर जाना था। यात्रियों के मुताबिक, उनके ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज बसों का संचालन सीमित है। रोडवेज बस पकड़ने के लिए उन्हें काफी दूर जाना पड़ता है। बस में सवार अधिकांश यात्री मजदूर वर्ग के थे, जो पंजाब के विभिन्न जिलों में मजदूरी, निजी कंपनियों में नौकरी या घरेलू कामकाज के लिए जा रहे थे। यात्रियों ने बताया कि बस चलने के समय उसमें अधिक सवारियां नहीं थीं, लेकिन रास्ते में धीरे-धीरे ओवरलोडिंग की गई। कुछ यात्रियों ने इसका विरोध किया तो उन्हें अधिक किराया देने अथवा बस से उतर जाने की धमकी दी गई। स्थिति यह थी कि एक स्लीपर बर्थ पर आठ-आठ लोगों को बैठाया गया। महिलाओं और बच्चों के साथ पुरुष यात्रियों को भी बैठाया गया। एसी बंद होने से बस के भीतर घुटन हो रही थी और बच्चे व महिलाएं परेशान रहे। मंगलवार देर रात करीब एक बजे लालपुर के पास परिवहन कर अधिकारी जितेंद्र सिंगवान ने बस को रोककर जांच की। बस की स्वीकृत क्षमता 30 स्लीपर बर्थ और एक सीट की थी, जबकि उसमें 134 सवारियां मिलीं। इनमें 31 बच्चे थे। परिवहन कर अधिकारी ने बताया कि बस का परमिट समाप्त हो चुका था। स्लीपर बस के निर्धारित मानकों का भी उल्लंघन मिला। जांच में दो स्लीपर मॉडिफाई कर बनाए जाने की बात सामने आई। ओवरलोडिंग समेत अन्य नियमों के उल्लंघन पर बस सीज कर दी गई है। परमिट निरस्त करने और चालक का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई है। बस पर 1.32 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बस को रोडवेज बस स्टेशन में खड़ा कराया गया है।

Parvatanchal