महादेव ऑनलाइन सट्टा मामला : सीबीआई की 6 राज्यों में बड़ी कार्रवाई, 33 ठिकानों पर छापेमारी; डिजिटल डिवाइस और मोबाइल फोन जब्त

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामला : सीबीआई की 6 राज्यों में बड़ी कार्रवाई, 33 ठिकानों पर छापेमारी; डिजिटल डिवाइस और मोबाइल फोन जब्त
Spread the love

नई दिल्ली(आरएनएस)। महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शिकंजा कसते हुए देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई ऐप के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की। छापेमारी के दौरान कई डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। सीबीआई के मुताबिक, इस कार्रवाई में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों की अहम भूमिका रही है। सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ पिछले कुछ दिनों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जांच एजेंसी की टीमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर समेत कई शहरों में पहुंचीं। ये छापे ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर मारे गए। जांच एजेंसी के अनुसार, मुख्य आरोपी और ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद पूछताछ की गई थी। इसी दौरान मिली जानकारियों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी में मिले सट्टेबाजी के लाइव पैनल, कई उपकरण जब्त
सीबीआई की तलाशी के दौरान कुछ ठिकानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के लाइव पैनल संचालित होते मिले। जांच एजेंसी ने इन पैनलों को बंद करा दिया है। इसके अलावा मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
शुरुआती जांच में ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि सट्टेबाजी के पैसों के लेन-देन में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका उपयोग किसी दूसरे व्यक्ति या अवैध गतिविधि के लिए किया जाता है।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आया नेटवर्क
सीबीआई ने सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था।
पूछताछ के दौरान चंद्राकर ने कथित तौर पर बताया कि महादेव ऑनलाइन बुक प्लेटफॉर्म किस तरह संचालित होता है और भारत में इसके पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क कैसे काम करता है। जांच एजेंसी ने उससे बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी सवाल-जवाब किए।
सीबीआई ने दर्ज की हैं दो एफआईआर
छत्तीसगढ़ सरकार से मामला मिलने के बाद सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा ऐप मामले में दो एफआईआर दर्ज की थीं। अब तक की जांच के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश में स्थित एक कथित मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता था। भारत में पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क ग्राहकों की आईडी संभालता था और सट्टेबाजी से जुड़ी रकम जमा कराने के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। इसके बाद कथित तौर पर हवाला के जरिए मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती थी।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वहीं, जांच एजेंसी इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका का भी पता लगा रही है। इनमें विदेश में मौजूद लोग, नेटवर्क को मदद पहुंचाने वाले व्यक्ति और कथित तौर पर शामिल सरकारी अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं। फरार आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।
सीबीआई की आम लोगों को चेतावनी
सीबीआई ने आम लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहने की सलाह दी है। जांच एजेंसी ने चेताया है कि ऐसी गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को देना या किराए पर उपलब्ध कराना कानूनी मुसीबत में डाल सकता है। ऐसा करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Parvatanchal