दुस्साहस: बस में यात्री को झांसा देकर लाखों के जेवर चोरी, चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज
हरिद्वार(आरएनएस)। हरिद्वार से देहरादून जा रही बस में एक यात्री के ट्रॉली बैग को काट कर सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि बस में सवार चार अज्ञात लोगों ने उसे बातों में उलझा कर वारदात को अंजाम दिया। मामले में पीड़ित ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की। इसके बाद जीरो एफआईआर हरिद्वार कोतवाली पहुंची है। पुलिस के अनुसार, चार अक्तूबर को पीड़ित रोहित कुमार पुत्र सुशील कुमार निवासी देहरादून अपने परिवार के साथ सुबह के समय हरिद्वार से देहरादून जाने वाली बस में सवार हुआ था। वह ट्रॉली बैग लेकर बस की आखिरी सीट पर बैठा था। इसी दौरान चार संदिग्ध लोग भी बस में चढ़े। रास्ते में एक व्यक्ति ने पत्नी के बुलाने की बात कह कर उसे सीट से उठाया। वापस लौटने पर चारों उसकी सीट पर बैठे मिले। रायवाला के आसपास चारों बस से उतर गए। घर पहुंच कर बैग जांचने पर अंदर से कटा मिला और जेवर गायब थे। मामले में पीड़ित ने देहरादून पुलिस से शिकायत की थी। वहीं एसएचओ कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में जीरो एफआईआर मिली है। एफआईआर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

