जंगल सफारी: सैलानियों के खोले गए राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज के गेट

जंगल सफारी: सैलानियों के खोले गए राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज के गेट
Spread the love

ऋषिकेश(आरएनएस)। उत्तराखंड के प्रसिद्ध राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज के गेट वार्षिक मानसून बंदी के बाद सैलानियों के लिए आधिकारिक रूप से खोल दिए गए हैं। पर्यटन सत्र के पहले दिन पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। रेंज कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान रेंजर गौरव सिंह नेगी ने विधिवत पूजा के बाद रिबन काटकर सत्र का शुभारंभ किया। उद्घाटन के अवसर पर पहले दिन सफारी का आनंद उठाने के लिए प्रकृति प्रेमी और पर्यटक सुबह से ही पहुंच गए थे। रेंजर गौरव नेगी ने पहले दिन जिप्सियों में सवार होकर जंगल की सैर पर निकले पर्यटकों का स्वागत किया और उन्हें जंगल के नियमों का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मोतीचूर रेंज जैव विविधता के लिहाज से बेहद समृद्ध है, जहां पर्यटकों को प्रकृति के बीच रोमांच का अनूठा अनुभव मिलेगा। किराये की सूची में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भारतीय प्रति व्यक्ति डेढ़ सौ रुपए जबकि विदेशी पर्यटको के लिए छह सौ रुपये प्रति व्यक्ति है। रेंजर नेगी ने बताया कि पार्क क्षेत्र में मोबाइल ले जाने रोक लगी है। पर्यटकों के मोबाइल गेट पर ही जमा किये जाएंगे ।
मोतीचूर रेंज में सफारी और वन्यजीवों का आकर्षण
मोतीचूर रेंज हाथियों का प्रमुख गलियारा होने के कारण पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहती है। पहले दिन की सफारी के दौरान सैलानियों को घने जंगलों, प्राकृतिक जलस्रोतों और मनमोहक वादियों के बीच वन्यजीवों के वादियों बीच वन्यजीवों की अठखेलियां देखने का अवसर मिला। वन विभाग के अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि इस बार सर्दियों के सीजन में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक राजाजी टाइगर रिजर्व का रुख करेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Parvatanchal