शुरुआत: गंगा में फिर शुरू हुआ राफ्टिंग का रोमांच, 300 से अधिक गाइड पोर्टल पर पंजीकृत

शुरुआत: गंगा में फिर शुरू हुआ राफ्टिंग का रोमांच, 300 से अधिक गाइड पोर्टल पर पंजीकृत
Spread the love
ऋषिकेश। वर्षाकाल के बाद गंगा में राफ्टिंग का रोमांच गुरुवार से फिर शुरू हो गया। ऋषिकेश के कौड़ियाला से शिवपुरी तक राफ्टिंग गतिविधियां संचालित की जाएंगी।  शिवपुरी में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से राफ्टिंग सीजन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान राफ्टिंग कंपनियों को औपचारिiक रूप से लाइसेंस वितरित किए गए। हालांकि, शुभारंभ के पहले दिन पर्यटकों को लेकर कोई राफ्ट गंगा में नहीं उतारी गई। राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी ने बताया कि गुरुवार से पर्यटकों के साथ राफ्टिंग शुरू होगी।
राफ्टिंग को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पर्यटन विभाग ने टूरिस्ट गाइड पोर्टल भी विकसित किया है। इस पोर्टल पर प्रशिक्षित रिवर राफ्टिंग गाइड का पंजीकरण किया जा रहा है। अब तक 300 से अधिक गाइड पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। प्रशिक्षित गाइड पोर्टल के माध्यम से अपना डिजिटल प्रमाणीकरण और डिजिटल पहचान-पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
पर्यटन विभाग की ओर से चरणबद्ध तरीके से कुल 700 राफ्टिंग गाइड को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार गाइडों के प्रशिक्षण से नदी में पर्यटकों की सुरक्षा क्षमता बढ़ाने के साथ राफ्टिंग गतिविधियों में व्यावसायिक अनुशासन भी मजबूत होगा।
राफ्टिंग कंपनियों को गंगा के साथ काली, टौंस, गोरी, कोसी, अलकनंदा, पिंडर, सरयू, पूर्वी और पश्चिमी रामगंगा, भागीरथी तथा धौलीगंगा में निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं व्यवस्थित राफ्टिंग संचालन के निर्देश दिए गए।
प्रमुख सचिव नियोजन मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि राफ्टिंग सीजन का शुभारंभ प्रदेश के साहसिक पर्यटन क्षेत्र में अनुशासन और व्यावसायिकता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। वहीं सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि राफ्टिंग लाइसेंस प्रदेश की राफ्टिंग फर्मों के लिए नई शुरुआत हैं। लाइसेंस प्रणाली को मजबूत करने से पर्यटकों की सुरक्षा के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
राफ्टिंग कंपनियों की ओर से मुनिकीरेती के खारास्रोत में राफ्टिंग सीजन के शुभारंभ पर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान राफ्टिंग सीजन के सकुशल संचालन की कामना की गई। वर्षाकाल में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण राफ्टिंग गतिविधियां बंद रहती हैं। सीजन शुरू होने के साथ देश-विदेश से ऋषिकेश पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए एक बार फिर गंगा की तेज धाराओं में रोमांच का अवसर उपलब्ध हो गया है।

Parvatanchal