धोखाधड़ी: साइबर ठगों ने दो बुजुर्गों को बना लिया ठगी का शिकार, लगाई चार लाख रुपये की चपत

धोखाधड़ी: साइबर ठगों ने दो बुजुर्गों को बना लिया ठगी का शिकार, लगाई चार लाख रुपये की चपत
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  साइबर अपराधियों ने दो बुजुर्ग नागरिकों को अपना शिकार बनाते हुए चार लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला थाना राजपुर क्षेत्र का है। राजेश्वर नगर, सहस्रधारा रोड निवासी 77 वर्षीय चंद्र प्रकाश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मोबाइल पर पेटीएम का इस्तेमाल करते थे। जब एप में दिक्कत आई तो वे 27 सितंबर को अपने बैंक पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि 19 से 25 सितंबर के बीच उनके एचडीएफसी, इंडियन बैंक और केनरा बैंक के तीन खातों से किसी अज्ञात व्यक्ति ने 2.73 लाख रुपये निकाल लिए हैं।उन्होंने इसकी शिकायत 28 सितंबर को साइबर सेल में भी की थी। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया मामला थाने पहुंचने पर शनिवार को केस दर्ज कर लिया गया है।वहीं, दूसरी घटना में 64 वर्षीय विजय पार्क, बल्लूपुर रोड निवासी जसपाल सिंह राणा ने बसंत पुलिस को बताया कि पांच नवंबर को उनके इंडियन ओवरसीज बैंक, चंडीगढ़ शाखा के खाते से धोखाधड़ी करते हुए 1.31 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत की। एसओ अमित शर्मा ने बताया कि शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Parvatanchal