हेकड़ी: दुष्कर्म पीड़िता के परिवार के साथ कर दी मारपीट, गवाही बदलने का दबाव बनाने का आरोप

हेकड़ी: दुष्कर्म पीड़िता के परिवार के साथ कर दी मारपीट, गवाही बदलने का दबाव बनाने का आरोप
Spread the love

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता के परिवार के साथ मारपीट और गवाही बदलने का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि मार्च 2026 में गांव के ही एक युवक ने उनकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म किया था। उस मामले में आरोपी जेल में बंद है। आरोप है कि आरोपी पक्ष से जुड़ी महिला जुबेदा लगातार उनके परिवार पर मुकदमे में समझौता करने और गवाही बदलने का दबाव बना रही थी। बीती 14 जून की दोपहर जब वह अपनी दुकान पर थे तब दोपहर में आरोपी महिला अपने परिजनों के साथ उनके घर पहुंची। उस समय घर पर उनकी दिव्यांग पत्नी और दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। आरोप है कि जुबेदा, आमना, शुभआन, शमशीदा, शहनवाज, शहजान और फौजन जबरन घर में घुस आए। आरोप लगाया कि उन्होंने दुष्कर्म पीड़िता बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बचाव करने पहुंची बड़ी बेटी और दिव्यांग पत्नी के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान उनकी पत्नी बेहोश हो गईं। 112 के जरिए पुलिस को सूचना दी गई लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद बाल कल्याण समिति को शिकायत की गई, समिति ने बेटी और पत्नी का मेडिकल कराया। तब से उन्हें आरोपी पक्ष से उनके परिवार को लगातार जान माल का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से परिवार की सुरक्षा देने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Parvatanchal