दहशत: पुलिंडा रोड पर हाथियों की धमक, राहगीरों की बढ़ी चिंता

दहशत: पुलिंडा रोड पर हाथियों की धमक, राहगीरों की बढ़ी चिंता
Spread the love

कोटद्वार।  पुलिंडा रोड पर इन दिनों हाथियों की लगातार मौजूदगी से स्थानीय लोगों और राहगीरों की चिंता बढ़ गई है। बृहस्पतिवार शाम को हाथियों का एक झुंड काफी देर तक सड़क पर डटा रहा जिससे मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों ने वाहन रोक दिए। इस दौरान एक घंटे तक सड़क पर आवागमन ठप रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 8 बजे कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर कोटद्वार से 3 किमी. आगे 15-16 हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर सड़क पर पहुंच गया और लंबे समय तक वहीं विचरण करता रहा। इस दौरान क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सुरक्षित दूरी बनाकर इंतजार करना पड़ा। हाथियों के सड़क पर डटे रहने से दोनों ओर वाहनों की कतारें भी लग गईं। वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। कहा कि सुबह और शाम के समय हाथियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए इन घंटों में जंगल से सटे मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचना चाहिए। सुबह और सायंकालीन भ्रमण पर जाने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तीन दिन पूर्व गड़ेथ गांव में हाथी के हमले में एक महिला घायल हो गई थी। इस घटना के बाद से आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं रामड़ी बाजार क्षेत्र में हाथी धमक गया था, जिससे स्थानीय लोग चिंतित हैं। रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने लोगों से हाथियों के निकट जाने, उन्हें उकसाने अथवा फोटो खींचने के लिए पास जाने से बचने की अपील करते हुए किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को देने को कहा है।

Parvatanchal