दहशत:गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में ख़ौफ़ की लहर, खेतों में अक्सर दिखाई दे रही है मौजूदगी

दहशत:गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में ख़ौफ़ की लहर, खेतों में अक्सर दिखाई दे रही है मौजूदगी
Spread the love

नई टिहरी(आरएनएस)।  टिहरी वन रेंज के रानीचौरी, सुरसिंगधार, कोटी, बालमा, पागरखाल और बुडोगी गांव के आसपास इन दिनों गुलदार की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत बनी है। गुलदार कई बार आबादी के आसपास दिखाई दे रहा है। रानीचौरी क्षेत्र में तो गुलदार खेतों तक पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। महिलाएं गुलदार के भय से खेतों और जंगलों में चारापत्ती लेने जाने से कतरा रही है। वहीं, अभिभावक बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से भी डर रहे हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत पर वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ा दी है। वन रेंजर सौरभ सिंह और वन दरोगा अजयपाल पंवार के नेतृत्व में वन कर्मियों ने प्रभावित क्षेत्रों में रात के समय गश्त की। इस दौरान ग्रामीणों को वन्यजीवों से सुरक्षित रहने के लिए जरूरी सावधानियां बतरने को कहा। वन्यजीव संघर्ष की आशंका से बचने के लिए रात के समय अकेले घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी। वन रेंजर सौरभ सिंह ने बताया कि गुलदार की आवाजाही को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में वन कर्मियों की ओर से लगातार गश्त की जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

Parvatanchal