दहशत: मवेशियों के लिए चारा लेने जा रहे ग्रामीण पर रास्ते में घात लगाकर बैठे भालू ने किया हमला, हायर सेंटर रेफर

दहशत: मवेशियों के लिए चारा लेने जा रहे ग्रामीण पर रास्ते में घात लगाकर बैठे भालू ने किया हमला, हायर सेंटर रेफर
Spread the love

 

उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड के मल्ला गांव में सोमवार सुबह भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। क्षेत्र में भालू के हमले की यह दूसरी घटना होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मल्ला गांव निवासी जगबीर सिंह रावत (55) पुत्र तेग सिंह रावत सोमवार सुबह करीब छह बजे अपने मवेशियों को चारा देने के लिए गांव के ऊपर स्थित छानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जगबीर के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को वहां से भगाया और घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

लगातार दूसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत

मल्ला क्षेत्र में भालू के हमले की दूसरी घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के आसपास भालू की सक्रियता से लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। खासकर सुबह-शाम खेतों और छानियों की ओर जाने वाले ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालू की सक्रियता पर प्रभावी निगरानी और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हमलों का सिलसिला नहीं रुका तो आने वाले समय में क्षेत्र में आंदोलन की स्थिति बन सकती है।

Parvatanchal