दहशत: कुत्ते का पीछा करते घर की रसोई में घुसा गुलदार, ग्रामीणों में मची दहशत

दहशत: कुत्ते का पीछा करते घर की रसोई में घुसा गुलदार, ग्रामीणों में मची दहशत
Spread the love

 

ढाई घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू, ट्रैंकुलाइज कर भेजा वन चेतना केंद्र

नई टिहरी (अलना)।टिहरी जिले के चंबा विकासखंड के सौंदकोटी गांव में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुत्ते का पीछा करते हुए एक गुलदार रिहायशी मकान की रसोई में जा घुसा। घर के भीतर अचानक गुलदार को देखकर परिवार और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हालांकि, मकान मालिक की सूझबूझ और साहस से गुलदार को रसोई के भीतर ही बंद कर दिया गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को बेहोश कर सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब आठ बजे सौंदकोटी गांव निवासी भीम सिंह नेगी के घर में यह घटना हुई। उस समय परिवार के अन्य सदस्य पास के घर में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। घर में भीम सिंह नेगी और उनकी बुजुर्ग मां मौजूद थीं। इसी दौरान कुत्ते का पीछा करता हुआ गुलदार घर में घुस आया और सीधे रसोई में जा पहुंचा। अचानक सामने आए गुलदार को देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए, लेकिन भीम सिंह नेगी ने हिम्मत दिखाते हुए रसोई का दरवाजा बंद कर दिया। इससे गुलदार घर के अन्य हिस्सों में नहीं पहुंच सका।
पटाखों के शोर के बीच रसोई में फंसा रहा गुलदार
बताया जा रहा है कि गांव में इगास पर्व और शादी समारोह के चलते पटाखों की आवाजाही हो रही थी। तेज आवाजों के कारण गुलदार सहमा रहा और रसोई के भीतर ही फंसा रहा। ग्राम प्रधान मंगल सिंह नेगी ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रात साढ़े दस बजे किया गया सफल रेस्क्यू
वन दरोगा अजयपाल सिंह पंवार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी के साथ अभियान चलाया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 10रू30 बजे गुलदार को ट्रैंकुलाइजर गन की मदद से बेहोश किया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में रखकर वन चेतना केंद्र पहुंचाया गया। रेस्क्यू अभियान में आजाद पंवार, जयवीर लाल, विनोद सिंह और दीपक रजवार सहित वन विभाग के कर्मचारियों ने सहयोग किया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार गुलदार का पशु चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
मानव-वन्यजीव संघर्ष ने फिर बढ़ाई चिंता
सौंदकोटी की घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती को उजागर किया है। ग्रामीण इलाकों में गुलदार की बढ़ती आवाजाही से विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि घरों के आसपास झाड़ियों की सफाई रखें, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें और वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

Parvatanchal