दहशत: उत्तरी झंडीचौड़ में जीआईसी के पास महिलाओं को फिर दिखा गुलदार

दहशत: उत्तरी झंडीचौड़ में जीआईसी के पास महिलाओं को फिर दिखा गुलदार
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)। रामलीला देखकर घर लौट रही दो महिलाओं को जीआईसी के निकट अचानक गुलदार दिख गया। महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई। भाबर के झंडीचौड़ उत्तरी में गुलदार की लगातार आवाजाही से लोगों में दहशत बनी हुई है। लोगों ने सुबह टहलना और बच्चों ने खेलना बंद कर दिया है। संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह रावत ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे झंडीचौड़ उत्तरी निवासी अंजू देवी और कुसुम लता रामलीला देखकर घर लौट रही थीं। जीआईसी के पास सड़क पर गुलदार दिखाई देने से दोनों घबरा गईं और दौड़ लगाते हुए रामलीला मैदान पहुंचीं। इसके बाद स्थानीय निवासी रामपाल फौजी ने अपने वाहन से उन्हें घर पहुंचाया। इससे पहले मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे स्कूल के चौकीदार जगदीश प्रसाद ने सुरक्षा दीवार के पास गुलदार देखा था। गुलदार की दहशत से लोगों ने सुबह टहलना बंद कर दिया है। रामलीला मैदान में योग, व्यायाम और खेल गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। पार्षद रजनीश बेबनी ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और गुलदार की निगरानी बढ़ाने की मांग की। वहीं रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि क्षेत्र में वनकर्मियों की रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने लोगों से विशेषकर रात को अकेले आवाजाही न करने व सतर्कता बरतने की अपील की। (फाइल फोटो)

Parvatanchal