फेर-बदल: गढ़वाल रेंज में बदले गए 39 इंस्पेक्टरों के जिले, 22 नवंबर तक बदलेंगे कई थाना इंचार्ज

फेर-बदल: गढ़वाल रेंज में बदले गए 39 इंस्पेक्टरों के जिले, 22 नवंबर तक बदलेंगे कई थाना इंचार्ज
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। आगामी विधानसभा चुनाव के तहत राज्य के पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल शुरू हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग और शासन के दिशा निर्देशों पर गुरुवार को आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने रेंज के जिलों में तैनात 39 इंस्पेक्टर के तबादले कर दिए हैं। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 22 नवम्बर तक राज्य में बड़ी संख्या में थाना इंचार्ज भी बदले जाने हैं, जिसके लिए एसएसपी और रेंज अधिकारियों को समय-सीमा तय की गई है। आदेश के अनुसार, एक जिले में चार वर्षों में से तीन वर्ष की अवधि पूरी कर चुके निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है। देहरादून जिले से कई प्रमुख निरीक्षकों का तबादला हुआ है। दून के डालनवाला कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं को हरिद्वार जिले में भेजा गया है। जबकि, पटेलनगर इंस्पेक्टर नरेश राठौर का तबादला हरिद्वार कुंभ मेले में किया गया है। गौरतलब है कि नरेश राठौर हाल ही में पटेलनगर लूट मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता को जेल भेजने को लेकर खासे चर्चाओं में बने हुए थे। इसके अलावा देहरादून से इंस्पेक्टर संपूर्णानंद गैरोला, अरविंद कुमार व गजेंद्र बहुगुणा को पौड़ी, वीरेंद्र सिंह नेगी व खुशीराम पांडे को उत्तरकाशी, गिरीश चंद्र शर्मा को रुद्रप्रयाग, देवेंद्र सिंह चौहान व प्रदीप कुमार राणा को टिहरी, हरिओम राज चौहान व कुलदीप रावत को चमोली और कैलाश चंद्र भट्ट, पंकज देवरानी, राजेंद्र सिंह खोलिया व प्रदीप सिंह रावत को हरिद्वार भेजा गया है। वहीं, हरिद्वार से मनोहर सिंह, शांति कुमार, कमल मोहन सिंह और वीरेंद्र चंद्र रमोला को देहरादून भेजा गया है। रुद्रप्रयाग से सुरेश चंद्र बलूनी को भी देहरादून तैनाती मिली है। आईजी गढ़वाल ने सभी संबंधित एसएसपी और एसपी को स्थानांतरित निरीक्षकों को कार्यमुक्त कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।

Parvatanchal