हेरा-फेरी: दून वैली हाउसिंग सोसायटी के क्लर्क पर 4.5 लाख रुपए के गबन करने का आरोप, मुकदमा दर्ज़
देहरादून(आरएनएस)। बसंत विहार स्थित दून वैली ऑफिसर्स को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के क्लर्क ने 4.50 लाख रुपये का गबन कर लिया। शिकायत पर बसंत विहार थाना पुलिस ने सोमवार को आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ बसंत विहार शैंकी कुमार ने बताया कि दून वैली ऑफिसर्स को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के सचिव देवेंद्र कुमार ने तहरीर दी है। उनका कहना है कि मूल रूप से भटवाड़ी, उत्तरकाशी का रहने वाला रजनीश भट्ट, हाल निवासी बसंत विहार फेज-एक अक्तूबर 2025 से उनकी सोसायटी में अकाउंट क्लर्क के पद पर कार्यरत है। कैश रिसीप्ट का काम भी उसी के पास था। बीते 27 मई को रजनीश ने सोसायटी के चेस्ट से पांच लाख रुपये नकद निकाले और बताया कि वह यह रकम इंडियन ओवरसीज बैंक के खाते में जमा कराने जा रहा है।
आरोपी ने बैंक में पैसे जमा नहीं किए और बकरीद की छुट्टियां लेकर घर चला गया। इस दौरान उसने सोसायटी कर्मचारियों के फोन भी नहीं उठाए। एक जून को उसने पैसे जमा करने का झांसा दिया, लेकिन कार्यालय नहीं आया। दो जून को आरोपी अपनी पत्नी और बेटी के साथ कार्यालय पहुंचा और महज 50 हजार रुपये वापस किए। बाकी बचे 4.50 लाख रुपये लौटाने के लिए उसने परिवार की मौजूदगी में तीन जून तक का समय मांगा था। तय समय बीत जाने के बाद भी जब रकम नहीं लौटाई गई तो सोसायटी ने पुलिस की शरण ली। जिस पर आरोपी रजनीश भट्ट के खिलाफ रकम हड़पने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

