धोखाधड़ी : मकान बेचने की डील कर 12 लाख हड़पने में दंपति समेत चार पर मुकदमा
देहरादून(आरएनएस)। मकान बेचने की डील कर दंपति ने 12 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने रकम लेने के बावजूद न तो मकान की रजिस्ट्री की और न ही पैसे वापस किए। उल्टा पुलिस चौकी के बाहर पीड़ित को जातिसूचक शब्द कहकर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को आरोपी दंपति और इनके दो साथियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निरंजनपुर स्थित शर्मा कॉलोनी निवासी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी ब्राह्मणवाला निवासी जितेंद्र मलिक से जान-पहचान थी। जितेंद्र ने अपना ब्राह्मणवाला स्थित एक मकान उन्हें बेचने की डील की।
बीते सात जनवरी को दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट हो गया। पीड़ित ने 50 हजार रुपये नकद और 9.50 लाख रुपये आरटीजीएस से जितेंद्र व उसकी पत्नी पूजा मलिक के संयुक्त बैंक खाते में ट्रांसफर किए। बाद में 19 जनवरी को दो लाख रुपये नकद भी दिए गए। पीड़ित ने तय समय पर रजिस्ट्री के लिए बैंक से होम लोन भी मंजूर करा लिया था। आरोप है कि 12 लाख रुपये हड़पने के बाद
पति-पत्नी की नीयत खराब हो गई और वे बहाने बनाकर रजिस्ट्री टालने लगे। दबाव बनाने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पीड़ित ने बीते सात मई को पुलिस कार्यालय में शिकायत दी थी। इस सिलसिले में 24 मई को जब पीड़ित बाजार पुलिस चौकी गए तो चौकी के बाहर जितेंद्र और उसके दो अन्य साथियों ने उसे सरेराह रोक लिया। आरोपियों ने सरेआम जातिसूचक गालियां देते हुए धमकाया गया। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी दंपति और इनके दो अज्ञात साथियों पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, एससीएसटी एक्ट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

