सबक: कारों से स्टंटबाजी और हुड़दंग करना पड़ा भारी, पुलिस ने ऐसी पांच कारें कर दीं सीज  

सबक: कारों से स्टंटबाजी और हुड़दंग करना पड़ा भारी, पुलिस ने ऐसी पांच कारें कर दीं सीज  
Spread the love

हरिद्वार। हरिद्वार में कई कारों में सवार होकर स्टंटबाजी और हुड़दंग करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच कारों को सीज कर दिया। साथ ही पांच युवकों को कोतवाली बुलाया गया, जहां उन्होंने माफी भी मांगी। मामला ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सराय गांव का है, जहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे कुछ युवकों ने यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए कारों की खिड़कियों और सन रूफ से बाहर निकलकर हूटर बजाए और सड़क पर स्टंटबाजी की। युवकों की हुड़दंग बाजी को कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में युवक चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर शोर शराबा करते हुए हूटर बजा रहे हैं, जिससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा था बल्कि उनकी और अन्य राहगीरों भी परेशान दिखाई दे रहे थे। साथ ही लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस के मीडिया सेल द्वारा वीडियो की जांच के बाद यह तथ्य सामने आया कि यह वीडियो ज्वालापुर क्षेत्र का है।। पुलिस ने वीडियो की पड़ताल की तो पता चला कि यह घटना बीती 18 जून को सराय रोड की है। उस दिन कुछ युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे और इसी दौरान उन्होंने सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग किया। उनकी इस हरकत को वहां मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर वाहनों के नंबर से संबंधित युवकों और वाहनों की पहचान की। इसके बाद सभी को उनके वाहनों सहित कोतवाली बुलाया गया और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पांचों चोपहिया वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। कोतवाली में कार्रवाई के बाद युवकों ने अपने किए पर माफी मांगी और पुलिस ने भी उन्हें भविष्य में हुड़दंग बाजी करने पर और भी ज्यादा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

Parvatanchal