सख़्त रुख: अब प्राइवेट स्कूलों में भी नियुक्त किया जाएगा सरकारी नोडल अधिकारी, शिक्षा मंत्री डाॅ धन सिंह रावत का ऐलान
हल्द्वानी। उत्तराखंड का शिक्षा महकमा अब निजी स्कूलों की मनमानी पर शिकंजा कसने जा रहा है, पिछले दिनों फीस बढ़ोतरी के मामले हों या फिर महंगी किताबें लगाए जाने के मामले, शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा निजी स्कूलों में की गई छापेमारी में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं मिली हैं, जिसके बाद वर्तमान में निजी स्कूलों को नोटिस की कार्रवाई जारी है। वहीं, राज्य के शिक्षा मंत्री डाॅ धन सिंह रावत का कहना है कि अब प्राइवेट स्कूलों में भी एक सरकारी नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इससे न सिर्फ प्राइवेट स्कूलों की मॉनिटरिंग हो सकेगी, बल्कि वहां आने वाली समस्याओं पर शासन द्वारा तत्काल एक्शन भी लिया जाएगा। शिक्षा मंत्री डाॅ धनसिंह रावत ने कहा कि अब निजी स्कूलों की मॉनिटरिंग और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रत्येक स्कूल में एक सरकारी अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाएगी। गौरतलब है कि अकेले हल्द्वानी में ही 53 स्कूल ऐसे हैं जिनके खिलाफ फीस बढ़ोतरी से लेकर एनसीईआरटी के अलावा पुस्तकें लगाए जाने के मामलों पर भी कार्रवाई तय है। लिहाजा सी ई ओ के माध्यम से नोटिस दिया जा रहा है।

