ऐलान: सीबीएसई ने 10वीं-12वीं की डेटशीट जारी की, 16 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं

ऐलान: सीबीएसई ने 10वीं-12वीं की डेटशीट जारी की, 16 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं
Spread the love

 

9 अप्रैल तक चलेंगी परीक्षाएं, सभी प्रश्नपत्र सुबह 10:30 बजे से होंगे शुरू; 10वीं में 83 और 12वीं में 121 विषयों की परीक्षा

नई दिल्ली (आरएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी परीक्षा समय-सारिणी के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जाएंगी। इस बार कक्षा 10वीं के विद्यार्थी 83 विषयों और कक्षा 12वीं के विद्यार्थी 121 विषयों की परीक्षा देंगे।
सीबीएसई के अनुसार, परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय विद्यार्थियों की सुविधा और विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें विद्यार्थियों द्वारा सामान्यत: एक साथ चुने जाने वाले विषयों की परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतराल रखने, प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की तिथियों और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। बोर्ड का प्रयास है कि परीक्षा कार्यक्रम इस तरह तैयार किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके और किसी अन्य महत्वपूर्ण परीक्षा से तिथियों का टकराव न हो।
बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाओं की समय-सारिणी भी जारी कर दी है।

Parvatanchal