शिकंजा: 37 महीने जेल में रहने के बाद भी नहीं सुधरा, बाहर आते ही चुरा ली बाइक, पुलिस ने धर दबोचा
कोटद्वार। करीब 37 महीने जेल में रहने के बाद भी आरोपी की आदत नहीं बदली। जेल से रिहा होने के लगभग एक महीने बाद ही उसने कथित तौर पर मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। हालांकि, कोटद्वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को कोटद्वार निवासी मनीष नेगी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UK 15B-3190 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 251/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारियों के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की गई। पुलिस की चेकिंग और लगातार प्रयासों के दौरान चोरी की गई मोटरसाइकिल मंडी क्षेत्र, कोटद्वार के पास से बरामद की गई। पुलिस ने मौके से सागर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सिंबलचौड़, कोटद्वार का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सागर पूर्व में एनडीपीएस एक्ट और चेक बाउंस से संबंधित मामलों में जेल जा चुका है। वह करीब 37 महीने जेल में रहने के बाद लगभग एक माह पहले ही रिहा हुआ था। रिहाई के कुछ समय बाद ही उसका नाम मोटरसाइकिल चोरी के इस मामले में सामने आया। उसके पास से चुराई गयी अपाचे मोटरसाइकिल संख्या यू के 15 बी -3190 बरामद की गयी है।

