आतंक: हमलावर बंदरों के उत्पात से शहरवासी परेशान, वन विभाग से लगाई बचाने की गुहार

आतंक: हमलावर बंदरों के उत्पात से शहरवासी परेशान, वन विभाग से लगाई बचाने की गुहार
Spread the love

ऋषिकेश(आरएनएस)। नगर निगम ऋषिकेश के प्रगति विहार, शैल विहार और तहसील के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी इन दिनों लोग बंदरों के आतंक से परेशान हैं। बंदर घरों में नुकसान पहुंचाने के अलावा बच्चों और महिलाओं पर हमला भी कर रहे हैं। हरदिन बंदर काटने से पीड़ित इलाज को अस्पताल पहुंच रहे हैं। प्रगति विहार और तहसील क्षेत्र में बीते दिनों से बंदरों के कई दल सक्रिय हैं। बंदर घर की छतों पर से कपड़े उठाकर फाड़ रहे हैं। पानी की टंकियों और पीवीसी पाइप को क्षतिग्रस्त पहुंच रहे हैं। बंदर घर के भीतर घुसकर भी सामान बिखेर रहे है। रोकने पर वह हमला कर घायल भी कर रहे हैं। बंदरों का आतंक यहीं तक सीमित नहीं है। मोहल्ले में आने जाने वाले व्यक्तियों पर भी बंदर हमला भी कर रहे हैं। खासकर महिलाओं तथा बच्चों को बंदर निशाना बनाते हैं। भगाने की कोशिश करने पर यह पूरे दलबल के साथ हमला बोल देते हैं। घर के बाहर खड़े वाहनों को भी बंदर नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्थानीय निवासी निहाल सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से यह बंदर बेहद हमलावर हो चुके हैं। अब तक कई बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाकर उत्पति बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है। उधर,नगर पालिका परिषद ढालवाला-मुनिकीरेती के अपर ढालवाला, शांतिनगर, चौदह बीघा क्षेत्र में भी बंदरों के उत्पात से नागरिक परेशान हैं। यहां बंदरों के झुंड घरों की छतों पर आए दिन उधम मचाते हैं। बंदर कई बार राहगीरों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं। बंदरों को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से अभियान भी चलाया जाता है। लेकिन अभियान चलाने के बाद भी इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है।

‘नगर क्षेत्र में भी पिजरे लगाकर बंदरों को पकड़ा जाएगा। ऋषिकेश में प्रगति विहार, शैल विहार, आशुतोष नगर, देहरादून रोड आदि क्षेत्र में भी बंदरों के झुंड के आतंक की शिकायतें हैं। इन क्षेत्रों में पिंजरा लगाया जाएगा। बंदर पकड़ने को टीम भी बुलाई जा रही है।’
– एसएस धमांदा, वन क्षेत्राधिकारी, ऋषिकेश रेंज

Parvatanchal