कामयाबी: 17 साल से फरार एक लाख का इनामी गिरफ्तार,बंगाल में कर रहा था टाइल्स लगाने का काम
देहरादून(आरएनएस)। ओएनजीसी महाप्रबंधक के घर 17 साल पहले हुई डकैती में फरार एक लाख रुपये का इनामी पश्चिम बंगाल में टाइल्स लगाता मिला। उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने वहां पहुंचकर गिरफ्तार किया।मूल रूप से मेरठ के अहमदनगर, थाना देहली गेट निवासी 54 वर्षीय शौकत अली देहरादून के बसंत विहार और नैनीताल के हल्द्वानी में दर्ज डकैती व लूट के मामलों में फरार था। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि 23 जुलाई 2009 को बसंत विहार फेज-दो निवासी ओएनजीसी महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर पांच हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने परिजनों को घायल कर लूटपाट की थी। पुलिस ने छह अगस्त 2009 को मेरठ निवासी राशिद उर्फ राकीब, बबलू, इमरान और मुजफ्फरनगर के समद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शौकत फरार रहा। पहले एसएसपी देहरादून ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में एडीजी एलओ ने बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया था। पुलिस टीम को हाल में सुराग मिला कि वह कोलकाता क्षेत्र के उत्तर 24 परगना, थाना नोआपारा, इच्छापुर के विदानपुली में पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। सटीक सूचना पर एसटीएफ निरीक्षक अबुल कलाम और बसंत विहार थानाध्यक्ष अमित कुमार शर्मा की संयुक्त टीम ने उसे थाना भाटपाड़ा क्षेत्र से दबोच लिया। पूछताछ में पता लगा कि गिरफ्तारी से बचने के लिए शौकत दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदलकर रहकर मजदूरी करता रहा।
शौकत अली पर दर्ज मुकदमे
शौकत अली पर मेरठ के देहली गेट थाने में हत्या, जानलेवा हमला, डकैती, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के नौ मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा हल्द्वानी और बसंत विहार थाने में एक-एक मुकदमा दर्ज है। आरोपी को दून लाकर कोर्ट में पेश किया गया। यहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

