शिकंजा: स्मैक तस्करी करने के आरोप में दो गिरफ्तार, चेकिंग के दौरान चढ़े पुलिस के हत्थे
नई टिहरी(आरएनएस)। थाना पुलिस ने 24 नवंबर की रात करीब सवा 10 बजे प्लास्डा पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान दो मोटर साइकिल सवार से अवैध स्मैक बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि प्लास्डा चौकी के पास चेकिंग के दौरान पॉलीटेक्नीक कॉलेज की ओर से नरेंद्रनगर की ओर आ रहे मोटर साइकिल सवार पुलिस को देखते ही वापस मुड़ने लगे तभी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जबाव नहीं दे पाए, तो पुलिस ने उनकी तलाशी लेनी शुरू की। तलाशी में मोटर साइकिल चालक की जेब में एक मोबाइल और 100 रुपये बरामद किए गए। जबकि दूसरे सवार की जेब में एक मोबाइल और 50 रुपये बरामद किए गए। बुलेट की तलाशी लेने पर सीट के नीचे एक पन्नी में 12.09 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम सार्थक (26) और दूसरे ने चेतन (31) दोनों निवासी ऋषिकेश बताया। उन्होंने बताया कि वह यह स्मैक वह हरिद्वार में सर्वानंद घाट झुग्गी बस्ती निवासी युवक से खरीदकर लाए हैं। स्मैक खुद उपयोग करने के साथ ही जरूरतमंदों को बेचते भी हैं। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर उन्हें गिरफ्तार कर दिया। दोनों को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

