शिकंजा: बाइक व मोबाइल चोरी में एक गिरफ्तार, पांच नाबालिग आरोपियों को लिया गया संरक्षण में
चमोली(आरएनएस)। गोविंदघाट थाना पुलिस ने बाइक और मोबाइल चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया साथ ही पांच नाबालिगों को संरक्षण में लिया। आरोपियों के पास से चोरी की गई दो बाइक, पांच मोबाइल व दो पावर बैंक बरामद हुए हैं। आरोपियों के पास से मलेथा से चोरी की गई बाइक भी बरामद हुई। शुक्रवार को अंकित मलिक निवासी शामली उत्तर प्रदेश ने पांडुकेश्वर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। बताया कि एक होटल के सामने खड़ी उसकी बाइक चोरी हो गई है। इसी दौरान श्रीनाथ केआर निवासी कर्नाटक ने गोविंदघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई की गुरुद्वारे में विश्राम के दौरान उसका मोबाइल चोरी हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी सुरजीत पंवार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। पुलिस को हनुमान चट्टी क्षेत्र में दो बाइकों पर छह युवक आते दिखे। पुलिस की ओर से रोकने पर वे बाइक छोड़कर भागने लगे लेकिन पुलिस ने सभी युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो बाइक और पांच मोबाइल बरामद किए। एक बाइक पांडुकेश्वर से चोरी की गई थी जबकि दूसरी मलेथा क्षेत्र से चोरी की गई थी। बाइक टिहरी निवासी विकास उनियाल की है जिसकी रिपोर्ट कीर्तिनगर थाने में दर्ज है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 22 जुलाई की रात को गोविंदघाट गुरुद्वारे से पांच मोबाइल व दो पावर बैंक चोरी किए थे। एक आरोपी आसू (20) निवासी नागोई दिल्ली (हाल निवासी गोल्डन टैंपल अमृतसर) को गिरफ्तार कर लिया और पांच नाबालिगों को संरक्षण में ले लिया।

