शिकंजा: दुष्कर्म और मारपीट के मामले में वांछित पांच हजार रुपए का इनामी आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार(आरएनएस)। पथरी थाना पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी के मामले में फरार चल रहे पांच हजार के इनामी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले के सभी नामजद आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस के अनुसार आठ जुलाई को एक महिला ने थाना पथरी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने तमंचे और चाकू के बल पर उसके साथ मारपीट की, दुष्कर्म किया, कान के कुंडल लूट लिए तथा जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना पथरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 15 जुलाई को वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक आरोपी लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने अलग-अलग ठिकाने बदल रहा था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पांच हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 23 जुलाई को कटारपुर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। पहचान होने पर वह फरार चल रहा इनामी आरोपी निकला। पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुधीर उर्फ लक्की पुत्र सुंदर निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर पांच हजार का इनाम घोषित था। विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, कांस्टेबल नारायण सिंह एवं कांस्टेबल राकेश नेगी शामिल रहे।

