राहत: जंगलों में बनाए गए वाटर होल में पानी मिलने से हाथियों समेत वन्यजीवों को मिली बड़ी राहत
हरिद्वार। भीषण गर्मी का असर अब जंगल के वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। प्राकृतिक जलस्रोतों का जलस्तर घटने के बीच वन विभाग ने वाटर होल में पानी भरने का अभियान तेज कर दिया है। इसका लाभ हाथियों समेत अन्य वन्यजीवों को मिल रहा है, जो बड़ी संख्या में इन जलस्रोतों पर पहुंचकर प्यास बुझा रहे हैं। हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज क्षेत्र के जंगलों में बने वाटर होल इन दिनों वन्यजीवों के प्रमुख सहारे बने हुए हैं। सुबह और शाम के समय यहां हाथियों के झुंड, हिरण, सांभर, नीलगाय समेत कई वन्यजीव पानी पीते नजर आ रहे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ जंगल में पानी की मांग भी बढ़ी है, ऐसे में कृत्रिम जलस्रोतों में नियमित पानी पहुंचाया जा रहा है। वन विभाग की टीम पंपिंग सेट और टैंकर के माध्यम से वाटर होल तक पानी पहुंचा रही है। कई पुराने जलस्रोतों की मरम्मत कर उन्हें भी दोबारा उपयोग में लाया गया है, जिससे पानी की उपलब्धता बढ़ी है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में करीब पांच पक्के और 10 कच्चे वाटर होल सक्रिय हैं। जंगल के भीतर पर्याप्त पानी मिलने से वन्यजीवों का आबादी क्षेत्रों की ओर रुख भी कम हुआ है। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका में कमी आई है। ग्रामीण इलाकों के आसपास हाथियों की आवाजाही कम होने से लोगों ने भी राहत महसूस की है। गर्मी के मौसम में वन्यजीवों के लिए पानी की उपलब्धता बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता बनी हुई है। इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी स्थान पर जल संकट न होने पाए।

