ख़ौफनाक: डोईवाला के निकटवर्ती वन क्षेत्र में हाथी का आतंक, स्कूटी सवार किसान की पटक-पटककर ले ली जान

ख़ौफनाक: डोईवाला के निकटवर्ती वन क्षेत्र में हाथी का आतंक, स्कूटी सवार किसान की पटक-पटककर ले ली जान
Spread the love

 

देहरादून। डोईवाला क्षेत्र की कांसरो वन रेंज अंतर्गत झबरावाला गांव में शुक्रवार देर रात हाथी के हमले में एक किसान की मौत हो गई। घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय जमील पुत्र असगर अली के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, जमील अपने साथी नफीस के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के खेतों के पास हाथीकुंड क्षेत्र में अचानक एक हाथी उनके सामने आ गया। हाथी को देखकर दोनों घबरा गए और बचने के लिए भागने लगे। इसी बीच हाथी ने जमील को अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्कूटी चला रहे नफीस ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों की सहायता से घायल जमील को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कांसरो वन रेंज के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। परिजनों की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
आबादी में लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। हाथी सुरक्षा दीवार को कूदकर अथवा तोड़कर खेतों और आबादी वाले इलाकों में प्रवेश कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों को हर समय जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है।
ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह ने बताया कि जमील खेती-किसानी के साथ मजदूरी का काम भी करते थे और अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।
ग्राम प्रधान ने वन विभाग से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा आबादी क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। (सांकेतिक फोटो)

Parvatanchal