उम्मीद: टिहरी झील के चारों ओर बनेगी 184 किमी लंबी रिंग रोड, पर्यटन को नई मिलेगी पहचान

उम्मीद: टिहरी झील के चारों ओर बनेगी 184 किमी लंबी रिंग रोड, पर्यटन को नई मिलेगी पहचान
Spread the love

 

उत्तरकाशी(आरएनएस)। टिहरी बांध की झील के चारों ओर प्रस्तावित 184 किलोमीटर लंबी रिंग रोड से उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ सहित टिहरी जिले के आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत झील के चारों ओर डबल लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की संभावना है। टिहरी झील में वर्ष 2006 में जलभराव शुरू हुआ था। झील का विस्तार उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ और धरासू क्षेत्र तक है लेकिन लंबे समय से इसके आसपास पर्यटन को विकसित करने के लिए बड़ी परियोजना की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब झील के चारों ओर रिंग रोड बनाने की योजना पर काम आगे बढ़ रहा है। प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई 14 मीटर होगी। इसमें 1.8 मीटर चौड़ा साइकिल ट्रैक और 1.2 मीटर चौड़ा फुटपाथ भी बनाया जाएगा। इससे पर्यटकों को झील के आसपास बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलने के साथ साइकिलिंग और पैदल घूमने के अवसर भी मिल सकेंगे। परियोजना का निर्माण तीन चरणों में पूरा किया जाना प्रस्तावित है। डोबरा-चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में रिंग रोड और पुल का निर्माण तीसरे एवं अंतिम चरण में किया जाएगा।लोनिवि प्रांतीय खंड नई टिहरी के ईई राजेन्द्र टम्टा ने बताया कि प्रथम चरण में वन भूमि क्लीयरेंस का कार्य पूरा होने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।

Parvatanchal