कामयाबी: टिहरी विस्थापित में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

कामयाबी: टिहरी विस्थापित में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)। कांवड़ मेले के बीच रानीपुर कोतवाली पुलिस ने टिहरी विस्थापित कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर मिली पांच लाख रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त टेंपो और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात को टिहरी विस्थापित कॉलोनी की गली नंबर ए 20 में दो मकानों के ताले तोड़कर जेवरात और अन्य सामान चोरी किया गया था। मामले में चार अगस्त को मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू किया। जांच के दौरान चोरी में टेंपो का उपयोग होने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस ने टेंपो तलाश शुरू कर दी। सात अगस्त को बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी मंदिर मार्ग तिराहे से चेकिंग के दौरान अक्षय उर्फ गोलू पुत्र होशियार निवासी टांडा माईदास बिजनौर को नीले रंग के टेंपो समेत गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से मृतक स्व राजेंद्र पाल नाम का पुलिस कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी के बताया कि अपने साथियों सोनू सैनी पुत्र सतीश सैनी निवासी टिबड़ी बिजनौर और सोनू शर्मा पुत्र रोहताश शर्मा निवासी धामपुर बिजनौर के साथ चोरी को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रावली महदूद से सोनू सैनी और सोनू शर्मा दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पांच लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों ने बताया कि मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। आलमारी का ताला तोड़ कर चोरी की। चोरी में मिली ज्वैलरी को धामपुर में चलते फिरते व्यापारी को बेच कर पांच लाख रुपये मिले। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से पुलिस कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। वहीं प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
तीनों आरोपियों पर पहले से केस:  एसएचओ ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि अक्षय उर्फ गोलू के खिलाफ सिडकुल थाने में दो और पौड़ी गढ़वाल में एक मुकदमा दर्ज है। सोनू सैनी के खिलाफ यूपी के धामपुर, नगीना, बिजनौर में छह और उत्तराखंड पौड़ी गढ़वाल में एक मुकदमा दर्ज हैं।

Parvatanchal