एफ आई आर: गंगनहर में मां-बेटी के लापता होने के मामले में पति समेत पांच पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा

एफ आई आर: गंगनहर में मां-बेटी के लापता होने के मामले में पति समेत पांच पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)।   बहादराबाद थाना क्षेत्र के डीपीएस दौलतपुर के पास गंगनहर में एक वर्षीय बेटी के साथ लापता हुई विवाहिता के मामले में सोमवार को नया मोड़ आ गया। महिला के भाई की तहरीर पर बहादराबाद पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, देर शाम तक गंगनहर में लापता मां-बेटी का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस और जल पुलिस की टीमों ने दिनभर नहर में तलाश अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, रायपुर दरेड़ा (थाना पथरी) निवासी भूपेंद्र कुमार ने तहरीर में बताया कि उसकी बहन सरिता की शादी 27 जून 2020 को कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन से हुई थी।
विवाह के बाद ससुराल पक्ष के लोग कार की मांग कर रहे थे। आरोप है कि पति अर्जुन, ससुर बालेश्वर, सास कलावती और ननद शीतल और बुलबुल दहेज की मांग को लेकर सरिता का लगातार उत्पीड़न और मारपीट करते थे। आरोप लगाया कि 11 जुलाई की रात करीब नौ बजे सरिता ने फोन कर बताया था कि पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे और उसकी बेटी नैन्सी को जान से मारने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद परिजनों ने उन्हें समझाया और अगले दिन घर आकर बात करने की बात कही। आरोप है कि 12 जुलाई की सुबह करीब साढ़े 11 बजे अर्जुन ने फोन कर सूचना दी कि सरिता बेटी को लेकर डीपीएस दौलतपुर के पास गंगनहर में कूद गई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि सरिता और उसकी बेटी को गंगनहर में धक्का दिया गया है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि पति समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। लापता मां और बेटी की तलाश की जा रही है।

Parvatanchal