धोखाधड़ी: बीमार बुजुर्ग महिला के मकान को फर्जीवाड़े से बेचने का आरोप, आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज़

धोखाधड़ी: बीमार बुजुर्ग महिला के मकान को फर्जीवाड़े से बेचने का आरोप, आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज़
Spread the love

देहरादून। डालनवाला क्षेत्र में 76 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला को विश्वास में लेकर कथित तौर पर धोखाधड़ी से पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कराने और उनके करीब 85 लाख रुपये कीमत के मकान को बेचने का मामला सामने आया है। महिला की खाली जमीन पर भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने का आरोप है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल से शिकायत के बाद डालनवाला कोतवाली पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंगाली कोठी, दून यूनिवर्सिटी रोड निवासी कुसुम पंवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सेवक आश्रम रोड, करनपुर में उनकी संपत्ति है। आरोप है कि पंजाब के होशियारपुर निवासी अमनदीप सिंह ने उनके परिवार से जान-पहचान बढ़ाई और विश्वास में लेकर धोखाधड़ी की।
पीड़िता के अनुसार, 20 दिसंबर 2023 को वह अपने एक प्लॉट की रजिस्ट्री कराने अमनदीप के साथ देहरादून स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय गई थीं। आरोप है कि वहां अमनदीप ने अपने वकील के माध्यम से विक्रय पत्र के दस्तावेजों के साथ पहले से तैयार पावर ऑफ अटॉर्नी पर भी धोखे से उनके हस्ताक्षर करवा लिए।
तहरीर के मुताबिक, इसी पावर ऑफ अटॉर्नी का कथित दुरुपयोग कर अमनदीप ने तीन जुलाई 2024 को सेवक आश्रम रोड स्थित करीब 85 लाख रुपये कीमत का मकान पड़ोसी सोनिया चौधरी के नाम बैनामा कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि सौदे की रकम अमनदीप ने खुद हड़प ली। बैनामे में सोनिया के पति अरविंद सिंह और मालदेवता के सरखेत निवासी मोहन सिंह गवाह बने थे।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने शासन-प्रशासन में अपनी पकड़ होने का हवाला देकर उन्हें धमकाया। मामले में सेवक आश्रम रोड स्थित महिला की 64 वर्गफुट खाली जमीन पर कब्जे का आरोप भी लगाया गया है। पीड़िता के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले सक्सेना परिवार ने कथित तौर पर फर्जी अनुबंध पत्र तैयार कर जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया। विरोध करने पर महिला के बच्चों के मोबाइल पर अनुबंध पत्र की तस्वीर भेजकर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने मई और अगस्त 2025 में भी शिकायतें दी थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा एसएसपी से गुहार लगाई।
डालनवाला पुलिस ने तहरीर के आधार पर अमनदीप सिंह, सोनिया चौधरी, अरविंद सिंह, मोहन सिंह, नीलम सक्सेना, अनूप सक्सेना, कार्तिक सक्सेना और उमंग सक्सेना के खिलाफ कथित धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Parvatanchal