आवाज़: क्लेमेनटाउन में नगर निगम का नया जोनल कार्यालय बनाने की मांग, महापौर को सौंपा ज्ञापन
देहरादून। क्लेमेनटाउन और आसपास के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में बढ़ती आबादी के बीच नगर निगम का नया जोनल कार्यालय खोलने की मांग उठी है। इस संबंध में क्लेमेनटाउन क्षेत्र के मनोनीत पार्षद अभिषेक परमार के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पार्षद अभिषेक परमार ने कहा कि क्लेमेनटाउन के साथ मोहब्बेवाला, आशारोड़ी, नई बस्ती, सेवला कलां, हरबंसवाला, मेंहुवाला और चंद्रबनी समेत आसपास के क्षेत्रों का तेजी से विस्तार हुआ है। आबादी बढ़ने के साथ नगर निगम से जुड़े कामकाज का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इन क्षेत्रों के लोगों को हाउस टैक्स जमा करने, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य बुनियादी नगर निगम सेवाओं के लिए मुख्य नगर निगम कार्यालय पहुंचना पड़ता है। कार्यालय की अधिक दूरी के कारण स्थानीय लोगों को समय और धन दोनों खर्च करने पड़ते हैं।
पार्षद ने कहा कि मुख्य कार्यालय तक आने-जाने में बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में जोनल कार्यालय खुलने से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही अधिकांश नगर निगम सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि जोनल कार्यालय स्थापित होने से न केवल जनता की समस्याओं का तेजी से समाधान होगा, बल्कि नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। महापौर ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और जनहित को देखते हुए इस दिशा में जल्द उचित एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

