अराजकता: रात को यात्री शेड में खड़े पांच दोपहिया वाहनों को अज्ञात लोगों ने लगा दी आग, जलकर हुए राख
विकासनगर(आरएनएस)। तहसील क्षेत्र के चकराता-लाखामंडल मोटर मार्ग पर स्थित धारकोट यात्री शेड में खड़े पांच दोपहिया वाहनों को अज्ञात शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। घटना में चार बाइक और एक स्कूटर पूरी तरह से जलकर राख हो गया। सुबह ग्रामीणों ने जले हुए वाहन देख शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और प्रशासन को सूचना दी गई।जानकारी के अनुसार सांगवाधार स्थित धारकोट यात्री शेड में आसपास के ग्रामीण रोजाना अपने वाहन खड़े करते हैं। सोमवार शाम भी ग्रामीण अपने वाहन शेड में खड़े कर घर चले गए थे, लेकिन मंगलवार सुबह सभी वाहन जली अवस्था में मिले। घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वाहन स्वामियों दिनेश कुमार, गोगी, पिरमु, अमित कुमार निवासी धारकोट और चन्द्रू निवासी म्युडा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चार बाइक और एक स्कूटर पूरी तरह जला पाया गया। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है, जहां शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

