हादसा: राहगीरों को बचाने के प्रयास में सड़क पर रपटी बाइक, वन बीट अधिकारी की मौत
विकासनगर(आरएनएस)। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत भूमि संरक्षण वन प्रभाग की तिमली रेंज में शनिवार रात गश्त पर निकले वन बीट अधिकारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वन बीट अधिकारी अजय कुमार बीती रात भूमि संरक्षण वन प्रभाग की तिमली रेंज में गश्त पर निकले थे। इसी दौरान सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के धर्मावाला के पास अचानक कुछ पैदल राहगीर उनकी बाइक के सामने आ गए। राहगीरों को बचाने के प्रयास में उन्होंने बाइक संभालने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर रपट गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मूल रूप से गुप्तकाशी निवासी अजय कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अजय कुमार परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। पिता की असमय मौत से तीनों बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं, पत्नी ने अपना जीवनसाथी और परिवार ने अपना इकलौता सहारा खो दिया। अजय कुमार की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।सहसपुर कोतवाल मनोज नौटियाल ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

