दुखद: एफआरआई गेट के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई कार, जाखन के युवक की मौत
देहरादून(आरएनएस)। दून-पावंटा हाईवे पर एफआरआई गेट के पास रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि, कार में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसा एफआरआई गेट के पास हुआ। जहां एक कार अचानक सड़क के दूसरे ओर जाकर पेड़ से टकराई। बसंत विहार थाने के उपनिरीक्षक राजीव धारीवाल ने बताया कि रविवार सुबह करीब 8:10 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली। बताया गया कि एफआरआई गेट के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। जिसमें दो युवक घायल हैं। सूचना मिलते ही थाना मोबाइल टीम और चीता पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए पास के निजी अस्पताल भिजवाया। वहां से परिजन दूसरे अस्पताल ले गए। अस्पताल में उपचार के दौरान हृदय पंवार (25) पुत्र दीपक पंवार निवासी अंसल ग्रीन कॉलोनी, जाखन की मौत हो गई। हादसे में घायल दूसरे व्यक्ति की पहचान शिवम अग्रवाल के रूप में हुई है। घटनास्थल पर पूछताछ के दौरान लोगों ने पुलिस को बताया कि कार प्रेमनगर से बल्लूपुर की तरफ जा रही थी। एफआरआई गेट के पास अचानक विपरीत दिशा में जाकर तेजी से पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक के पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

