धोखाधड़ी: फर्जी मालिक खड़ा कर के करा ली ज़मीन की रजिस्ट्री,करोड़ों की ठगी में दो आरोपी गिरफ्तार

धोखाधड़ी: फर्जी मालिक खड़ा कर के करा ली ज़मीन की रजिस्ट्री,करोड़ों की ठगी में दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो फरार आरोपियों को राजपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने असली मालिक की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर जमीन की रजिस्ट्री करा दी थी। एसओ राजपुर पीडी भट्ट के अनुसार 14 सितंबर को सहस्त्रधारा रोड निवासी करन शर्मा ने थाना राजपुर में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया था कि संजय त्यागी और उसके साथियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर असली मालिक के स्थान पर नकली व्यक्ति को रजिस्ट्री के समय पेश किया और उनकी पत्नी के नाम जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराकर करोड़ों रुपये ठग लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। मामले में पुलिस ने आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज आईटी पार्क के पिछले गेट, धोरण रोड से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय त्यागी निवासी महादेव अपार्टमेंट, थाना राजपुर और परविंदर कुमार निवासी राजेश्वर नगर, सहस्त्रधारा रोड के रूप में हुई है। आईटी पार्क चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवेश रावत की टीम अब मामले में शामिल अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Parvatanchal