संदेहास्पद: ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध हालात में फंदे से लटकने से मौत
रुद्रपुर(आरएनएस)। वार्ड आठ में एक युवक का शव घर की ऊपरी मंजिल स्थित कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। पत्नी के घर लौटने पर घटना का पता चला तो परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय सुमित साहा पुत्र सुरजीत साहा अपनी पत्नी कृष्णा के साथ वार्ड आठ में अपने ससुराल में रहते थे। उनके ससुर ने बेटी कृष्णा के लिए घर के निचले हिस्से में ब्यूटी पार्लर खुलवाया था, जबकि दंपती ऊपरी मंजिल के एक कमरे में रहते थे। यहीं वार्ड दो में कृष्णा के मायके वाले रहते हैं। सोमवार को कृष्णा अपने मायके वार्ड दो गई हुई थीं। घर लौटने पर जब वह ऊपरी मंजिल पर पहुंचीं तो पति को कमरे में फंदे से लटका पाया। देखते ही चीख-पुकार मच गई। इस पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। युवक की मौत की खबर मिलते ही कालीनगर से उसके पिता, मां और बहन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आसपास के लोगों के अनुसार सुमित और कृष्णा दोनों की यह दूसरी शादी थी। दंपती का एक बच्चा भी है। कृष्णा ब्यूटी पार्लर चलाती थीं, जबकि सुमित मार्केटिंग का काम करते थे।

