आवाज़: हल्द्वानी में सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और अंडरगारमेंट्स की दुकानों में महिला स्टाफ रखने की मांग
हल्द्वानी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और निजता का मुद्दा उठाते हुए करणी सेना युवा शक्ति ने हल्द्वानी के सिलाई केंद्रों, ब्यूटी पार्लरों और महिलाओं के अंडरगारमेंट्स की दुकानों में महिला कर्मचारियों की नियुक्ति अनिवार्य करने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गौसेवक जोगेन्द्र राणा जोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई को ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि शहर के कई सिलाई केंद्रों में पुरुषों द्वारा महिलाओं की नाप लिए जाने, ब्यूटी पार्लरों में पुरुष कर्मचारियों के काम करने और महिलाओं के अंतरवस्त्रों की दुकानों पर पुरुषों के बैठने से महिलाओं की निजता प्रभावित होने की आशंका रहती है। संगठन का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में कई महिलाएं असहज महसूस करती हैं, लेकिन सामाजिक संकोच और शर्म के कारण अपनी परेशानी खुलकर व्यक्त नहीं कर पातीं।
प्रदेश अध्यक्ष जोगेन्द्र राणा जोगी ने प्रशासन से मांग की कि महिलाओं की निजता और सहजता को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी लेडीज सिलाई केंद्रों, ब्यूटी पार्लरों तथा अंडरगारमेंट्स की दुकानों में महिला स्टाफ की नियुक्ति अनिवार्य करने के लिए आवश्यक नियम और दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की।
करणी सेना युवा शक्ति ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की तो संगठन मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगा। संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति में शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान चन्दन मलारा, विनोद लखेरा, गोविन्द अधिकारी, सुरेश सिंह, राधेश्याम रावत, हितेश शर्मा, दीपांशु पोखरिया, योगिता बनौला, सोनिया जोशी, पंकज परगाई, नरेश भण्डारी, राहुल आर्य, मनोज बिष्ट और चंदू मेहता सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

