गनीमत: नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बड़ा हादसा टला
नई टिहरी। उत्तराखंड के नई टिहरी में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब देहरादून के सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी-केदारनाथ के लिए उड़ान भर रहे ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते बौराड़ी स्टेडियम में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोग सुरक्षित हैं और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब सात बजे हेलीकॉप्टर अपने निर्धारित गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक तकनीकी खराबी सामने आने पर पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में आपात लैंडिंग का निर्णय लिया। हेलीकॉप्टर को मैदान में उतरता देख वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
जिस समय हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई, उस समय बौराड़ी स्टेडियम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। वहीं, मैदान में बच्चे भी खेल रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को नीचे उतरते देख लोग सतर्क हो गए और मैदान में मौजूद लोग कुछ देर के लिए पीछे हट गए। गनीमत रही कि पायलट ने हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
आपात लैंडिंग के बाद पायलट ने हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच की। बताया जा रहा है कि पायलट ने फोन पर तकनीकी टीम से संपर्क कर आवश्यक जानकारी ली और खराबी को दूर करने के प्रयास किए। करीब 30 से 35 मिनट तक स्टेडियम में रुकने के बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी और गुप्तकाशी-केदारनाथ की ओर रवाना हो गया। घटना के बाद सभी छह लोगों के सुरक्षित होने से राहत मिली है। हालांकि, उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी किस वजह से आई और उसे किस स्तर पर दुरुस्त किया गया, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

