मुलाकात: सीएम धामी से मिले फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, उत्तराखंड की फिल्म नीति पर हुई चर्चा

मुलाकात: सीएम धामी से मिले फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, उत्तराखंड की फिल्म नीति पर हुई चर्चा
Spread the love

 

देहरादून। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को आत्मीय भेंट बताते हुए कहा कि इस दौरान उत्तराखंड की नई फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य को देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अनुकूल फिल्म नीति के चलते फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा शूटिंग लोकेशन के रूप में उभर रहा है। प्रदेश में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पर्वतीय क्षेत्र, आकर्षक पर्यटन स्थल और विविध सांस्कृतिक परंपराएं फिल्म निर्माण के लिए व्यापक संभावनाएं उपलब्ध कराती हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के साथ ही प्रदेश में शूटिंग की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म निर्माण के क्षेत्र में प्रदेश की संभावनाओं का विस्तार होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी मदद मिलेगी। राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने की दिशा में प्रयासरत है।

Parvatanchal