हादसा: टांडा चौकी के पास पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौके पर ही मौत

हादसा: टांडा चौकी के पास पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौके पर ही मौत
Spread the love

 

हल्द्वानी (आरएनएस)। हल्द्वानी-रामपुर मार्ग पर टांडा पुलिस चौकी के पास देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार रुद्रपुर निवासी दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चेतन चौहान (25), निवासी फुलशुंगी और वैभव छाबरा (24), निवासी नंद विहार कॉलोनी, फुलशुंगी के रूप में हुई है।

बताया गया कि दोनों युवक बाइक संख्या यूके 06 बीएन 8480 से जा रहे थे। टांडा चौकी के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। चौकी प्रभारी के अनुसार घटनास्थल का निरीक्षण कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है। दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में बाइक के तेज गति में होने और अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। बाइक की स्थिति, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और हादसे से ठीक पहले की परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

Parvatanchal