एफ आई आर: युवती से फर्जी शादी करने का आरोप, एआई की मदद से बनाए फर्जी फोटो व सर्टिफिकेट
रुड़की(आरएनएस)। शादी से इनकार करने के बावजूद एक युवक पर युवती के नाम से फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट तैयार कराने और यूसीसी में विवाह पंजीकरण कराने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवक ने दस्तावेज भरवाने के बहाने युवती से ओटीपी हासिल किया और एआई की मदद से शादी की फोटो भी तैयार कर ली। इसके बाद से वह युवती को लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़ित पक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि छह सितंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे एक व्यक्ति का फोन आया।उसने युवती की शादी 25 अगस्त को डाडा जलालपुर निवासी एक युवक के साथ कोर्ट मैरिज के माध्यम से होने की जानकारी दी। इसके बाद युवती के पिता को बुलाकर इस संबंध में बताया गया। पिता ने जब अपनी बेटी से शादी के बारे में पूछा तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि युवक ने फर्जी तरीके से मैरिज प्रमाणपत्र तैयार कराया है जबकि युवती ने न तो मंदिर में शादी की और न ही कोर्ट मैरिज की। आरोप है कि युवक ने डॉक्यूमेंट्स ग्रुप-डी का फार्म भरने के बहाने युवती से दस्तावेज लिए थे।इसी दौरान बिजली बिल में छूट दिलाने के नाम पर ओटीपी भी हासिल कर लिया। आरोप है कि एआई से शादी की फोटो तैयार कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर यूसीसी में विवाह पंजीकरण करा दिया गया। इसके बाद से युवती को ब्लैकमेल किया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

